वाराणसी में ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ आज, प्रधानमंत्री देंगे 6,322 करोड़ की सौगात

लखनऊ/वाराणसी, 28 अप्रैल 2026। वाराणसी में आज ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अपने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे प्रधानमंत्री इस दौरान करीब 6,322 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

भाजपा की ओर से बरेका ग्राउंड में आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 50 हजार महिलाओं की भागीदारी की संभावना है। इस आयोजन की खास बात यह है कि इसकी पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में रहेगी, यहां तक कि सुरक्षा व्यवस्था भी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संभाली जाएगी। सम्मेलन में महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस)—को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेनें पूर्वांचल की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

प्रधानमंत्री दोपहर बाद लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बरेका जनसभा स्थल जाएंगे। उनकी अगवानी आनंदीबेन पटेल, योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं।

इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज, पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, शैक्षणिक संस्थानों का विकास, पर्यटन सुविधाएं और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री बनास अमूल से जुड़े किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर करेंगे।

सरकार का दावा है कि ये परियोजनाएं पूर्वांचल के संतुलित और सर्वांगीण विकास को गति देंगी और क्षेत्र में रोजगार, बुनियादी ढांचे और जीवन स्तर में सुधार लाएंगी। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *