SCO बैठक में हिस्सा लेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिश्केक में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

नई दिल्ली। राजनाथ सिंह मंगलवार को किर्गिजस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

इस उच्चस्तरीय बैठक में SCO के सदस्य देशों के रक्षा मंत्री क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा सहयोग, अंतरराष्ट्रीय शांति और आतंकवाद-रोधी प्रयासों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वैश्विक स्तर पर बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के मद्देनजर यह बैठक खास महत्व रखती है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस मंच पर वैश्विक शांति और स्थिरता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराएंगे। साथ ही आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर भारत का स्पष्ट रुख भी सामने रखेंगे।

बैठक के दौरान राजनाथ सिंह कुछ सदस्य देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी कर सकते हैं, जिससे रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना 15 जून 2001 को चीन के शंघाई में हुई थी। इस संगठन में भारत, रूस, चीन, पाकिस्तान, कजाखस्तान, किर्गिजस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान और बेलारूस जैसे देश शामिल हैं।

भारत 2017 में SCO का पूर्ण सदस्य बना था और 2023 में इसकी अध्यक्षता भी कर चुका है। यह मंच क्षेत्रीय सुरक्षा और बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *