आप को बड़ा झटका, राघव चड्ढा समेत तीन राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए उसके तीन प्रमुख राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने शुक्रवार शाम भाजपा मुख्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सभी नेताओं का स्वागत किया और उन्हें पार्टी में शामिल कराया। तीनों नेताओं ने इससे पहले आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देते हुए भाजपा में शामिल होने की घोषणा की थी।

राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए दावा किया कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने संविधान के प्रावधानों के तहत भाजपा में विलय का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि सात सांसदों ने इस संबंध में दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के सभापति को सौंपा गया है।

हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम को “ऑपरेशन लोटस” करार दिया है। पार्टी का आरोप है कि केंद्रीय एजेंसियों जैसे ईडी और सीबीआई का दबाव बनाकर नेताओं को तोड़ा जा रहा है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा पंजाब की भगवंत मान सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।

इसी बीच राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भी पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और आदर्शों से भटक चुकी है। मालीवाल ने भ्रष्टाचार, महिलाओं के उत्पीड़न और संगठन में बढ़ते अव्यवस्था जैसे मुद्दों का हवाला देते हुए पार्टी छोड़ने का फैसला सही ठहराया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई तथा दोषियों को संरक्षण दिया गया। मालीवाल ने कहा कि वह दिल्ली लौटने के बाद पूरे मामले पर विस्तार से जानकारी देंगी।

इस घटनाक्रम ने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी है और आने वाले दिनों में इसके व्यापक राजनीतिक असर देखने को मिल सकते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *