नारी के पवित्र रिश्तों का अपमान जनता नहीं भूलेगी: महापौर सुषमा खर्कवाल

लखनऊ, 24 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। महापौर आवास पर हुई घटना को लेकर लखनऊ नगर निगम सदन में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। महापौर सुषमा खर्कवाल ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के व्यवहार पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि नारी के पवित्र रिश्तों का अपमान देश की जनता कभी नहीं भूलेगी।

सदन में भावुक संबोधन देते हुए उन्होंने कहा कि वह केवल लखनऊ की महापौर ही नहीं, बल्कि एक सैनिक परिवार से जुड़ी महिला भी हैं—एक सैनिक की बेटी, बहन, पत्नी और बहू। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में अनुशासन और स्वाभिमान सर्वोपरि रहा है, लेकिन उनके आवास पर जो घटना हुई, उसने लोकतंत्र और मानवता दोनों को शर्मसार किया है।

महापौर ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिस देश में हम रहते हैं, उसे भारत माता कहा जाता है। यहां नदियों को भी ‘मां’ का दर्जा दिया जाता है, लेकिन आपने मां, बहन और बेटी जैसे पवित्र रिश्तों का अपमान किया है। यह अपमान देश की जनता कभी नहीं भूलेगी।”

उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि एक मां होने के नाते वह किसी भी महिला का अपमान करने की कल्पना भी नहीं कर सकतीं। उन्होंने विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि इसे रोकने का प्रयास महिलाओं के सम्मान के खिलाफ था।

महापौर ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बुधवार सुबह उनके आवास पर लगी नामपट्टिका के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जो न केवल उनके पद, बल्कि पूरे शहर की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही समाजवाद है, जिसमें एक ‘बहन’ का सम्मान जूतों से किया जाता है।

उन्होंने कहा कि यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लखनऊ की प्रथम नागरिक और एक सैनिक परिवार की महिला पर था। “एक सैनिक की पत्नी होने के नाते मैंने चुनौतियों का सामना करना सीखा है। मैं पीछे हटने वाली नहीं हूं,” उन्होंने दृढ़ता से कहा।

इस मुद्दे पर नगर निगम सदन में 119 में से 93 पार्षदों ने एकजुट होकर निंदा प्रस्ताव पारित किया। महापौर ने सभी पार्षदों और शहरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह प्रस्ताव नारी सम्मान के पक्ष में एक मजबूत संदेश है।

उन्होंने अंत में कहा कि “यह तो शुरुआत है, नारी के अपमान का पूरा हिसाब अभी बाकी है। समय आने पर जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *