लखनऊ, 24 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। लखनऊ में चल रहे तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान 400 नामित प्रगणक और पर्यवेक्षकों में से 180 कर्मियों की अनुपस्थिति सामने आई, जिसे गंभीर माना गया है।
नगर निगम लखनऊ के जोन-06 में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए चार्ज जनगणना अधिकारी व जोनल अधिकारी अमरजीत यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जनगणना कार्य में उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने या जनगणना कार्य से इंकार करने वाले कर्मियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम स्पर्श राजकीय दृष्टि बाधित बालक इंटर कॉलेज और ब्राइट कैरियर स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में कर्मियों की गैरहाजिरी सामने आने पर अधिकारी ने तत्काल संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
अधिकारियों ने उपस्थित कर्मियों को जनगणना की महत्ता समझाते हुए कहा कि यह कार्य देश की नीतियों और योजनाओं के निर्माण का आधार होता है, इसलिए इसमें लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
