गाजीपुर में बवाल: निशा हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा प्रतिनिधिमंडल पर पथराव, पूर्व मंत्री घायल

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में बुधवार को उस समय तनाव भड़क गया, जब 16 वर्षीय निशा विश्वकर्मा हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य नेताओं और पुलिसकर्मियों के भी चोटिल होने की खबर है।

जानकारी के अनुसार, सपा का प्रतिनिधिमंडल कटरिया गांव में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया और वहां मौजूद कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि सपा नेताओं और पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। पथराव में रामआसरे विश्वर्मा के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गौरतलब है कि 15 अप्रैल को कटरिया गांव की रहने वाली निशा विश्वकर्मा का शव जमानिया क्षेत्र के पास एक नदी में मिला था। पुलिस जांच में यह मामला हत्या का निकला, जिसके बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इस घटना के बाद से ही गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था।

घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें उग्र भीड़ को पुलिस और नेताओं पर पथराव करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पथराव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है, लेकिन स्थिति को काबू में रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *