बस्ती में फिल्मी ट्विस्ट: दरोगा की शादी टूटी, प्रॉपर्टी डीलर ने उसी मंडप में रचाई शादी

बस्ती, 22 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। जनपद में एक शादी समारोह उस समय नाटकीय मोड़ ले गया, जब बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हे की जगह प्रेमी ने एंट्री मार दी और अंततः वही दुल्हन का दूल्हा बन गया।

मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र का है, जहां यूपी पुलिस में तैनात दरोगा जॉन मेजर की शादी 20 अप्रैल को तय थी। उनकी तैनाती लखनऊ में बताई जा रही है। दोनों परिवारों ने शादी की पूरी तैयारियां कर ली थीं—कार्ड बंट चुके थे, मेहमान पहुंच चुके थे और घर में शादी की रस्में चल रही थीं।

इसी बीच, बारात निकलने से कुछ घंटे पहले सर्वेश सिंह नाम का युवक दूल्हे के घर पहुंच गया। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और उसने दावा किया कि उसका युवती के साथ पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध है। उसने दूल्हे के परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी और बारात न ले जाने की चेतावनी भी दी।

परिवार ने तुरंत दुल्हन पक्ष से संपर्क किया और पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद शादी तोड़ने का फैसला ले लिया। दूल्हे के पिता धर्मराज चौधरी ने कहा कि सही समय पर सच्चाई सामने आ गई, जिससे उनके बेटे का भविष्य खराब होने से बच गया।

शादी टूटने के बाद दुल्हन पक्ष में हड़कंप मच गया, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। सर्वेश सिंह सीधे युवती के घर पहुंचा, परिवार को समझाया और उन्हें शादी के लिए राजी कर लिया।

इसके बाद वही प्रॉपर्टी डीलर दूल्हा बनकर बारात लेकर पहुंचा और उसी सजे हुए मंडप में अपनी प्रेमिका के साथ सात फेरे ले लिए।

इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है, जहां एक तयशुदा शादी आखिरी समय में टूट गई और प्रेम कहानी ने फिल्मी अंदाज में नया मोड़ ले लिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *