लखनऊ, 21 अप्रैल 2026। हज–2026 के तहत उत्तर प्रदेश से पहली उड़ान 22 अप्रैल को रवाना होगी। लखनऊ स्थित उड़ान स्थल से फ्लाईनास एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या XY-8042 अपराह्न 2:20 बजे पवित्र यात्रा के लिए उड़ान भरेगी। इस पहली उड़ान में कुल 427 हज यात्री सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे, जिनमें 222 पुरुष और 205 महिला यात्री शामिल हैं।
इस उड़ान में सर्वाधिक 278 यात्री कानपुर नगर से हैं, जबकि 59 यात्री लखनऊ से हैं। इसके अलावा असम राज्य के दो यात्री भी इसी फ्लाइट से हज यात्रा पर जाएंगे।
हज यात्रियों के मार्गदर्शन और सहायता के लिए तीन स्टेट हज इंस्पेक्टर भी पहली उड़ान के साथ भेजे जा रहे हैं। यात्रियों को विदाई देने के लिए मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुस्लिम समाज के धर्मगुरु भी उपस्थित रहेंगे।
इससे पहले राज्य के मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने हज हाउस पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, खानपान और यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। टॉयलेट और बाथरूम की स्वच्छता, कैंटीन में ताजा भोजन की उपलब्धता और उचित दरों पर सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही हज यात्रियों को दी जाने वाली स्मार्ट वॉच किट और अन्य सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की गई। यात्रियों के साथ आने वाले सहयोगियों के लिए बैठने, कूलर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए सैनिक स्कूल के सामने विशेष इंतजाम किए गए हैं।
हज हाउस में यात्रियों के ठहरने के लिए वातानुकूलित कक्ष तैयार किए गए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा हज यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।
