“सिंहासन खाली करो, भाजपा आने वाली है”: बंगाल में गरजे योगी, ‘बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ के लगे नारे

लखनऊ/कूचबिहार, 18 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “ममता दीदी, सिंहासन खाली करो, भाजपा आने वाली है।” कूचबिहार जिले के माथाभांगा में आयोजित जनसभा में उनके मंच पर पहुंचते ही ‘बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ के नारे गूंज उठे।

सीएम योगी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने बंगाल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की “डबल इंजन” सरकार बनने पर “लव जिहाद” और “लैंड जिहाद” जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगेगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार घुसपैठियों को संरक्षण देती है।

महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष पर निशाना

सीएम योगी ने हाल ही में लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के पारित न हो पाने को लेकर विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2029 से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के प्रस्ताव को कांग्रेस, सपा और वाम दलों ने मिलकर रोक दिया।
उन्होंने इसे “आधी आबादी का अपमान” बताते हुए कहा कि देश की महिलाएं इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगी।

बंगाल की विरासत का किया उल्लेख

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने बंगाल की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने रामकृष्ण परमहंस, रवींद्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों को याद करते हुए कहा कि बंगाल ने देश को अमूल्य योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम्” का मंत्र बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने दिया और राष्ट्रगान रवींद्रनाथ टैगोर की देन है। ऐसी महान परंपरा वाली धरती को नमन करते हुए उन्होंने भाजपा के समर्थन की अपील की।

यूपी मॉडल का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल का हवाला देते हुए कहा कि 2017 से पहले यूपी की स्थिति भी बंगाल जैसी थी, जहां दंगे और कर्फ्यू आम बात थे। उन्होंने कहा कि अब “नो कर्फ्यू, नो दंगा, सब चंगा” की स्थिति है।

उन्होंने दावा किया कि यूपी में माफिया की संपत्तियों पर कार्रवाई कर गरीबों के लिए आवास बनाए गए हैं और कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। कांवड़ यात्रा के आयोजन और धार्मिक गतिविधियों को लेकर भी उन्होंने अपनी सरकार की नीतियों का जिक्र किया।

‘डबल इंजन सरकार’ पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि बंगाल के पास बदलाव का “अंतिम अवसर” है और यहां भी केंद्र व राज्य में भाजपा की “डबल इंजन” सरकार बनने पर विकास की गति तेज होगी।

उन्होंने कहा, “यह मां दुर्गा, मां काली और आस्था की धरती है। इसे घुसपैठियों की धरती नहीं बनने देंगे।”

सभा के अंत में उन्होंने एक बार फिर आह्वान करते हुए कहा, “मैं आप सबके बीच यही संदेश देने आया हूं—ममता दीदी, सिंहासन खाली करो, भाजपा आने वाली है।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *