लखनऊ, 14 अप्रैल 2026। रोमांच और तेज़ एक्शन से भरपूर मुकाबले में मथुरा ब्रज स्टार ने ‘टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ के पहले सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया। राजधानी लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए हाईवोल्टेज फाइनल में मथुरा ने गोरखपुर राउडीज़ को 44-38 से पराजित किया।
पहले हाफ में कांटे की टक्कर
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस लीग के फाइनल में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों टीमें 21-21 की बराबरी पर रहीं।
दूसरे हाफ में बदली बाज़ी
दूसरे हाफ में मथुरा ब्रज स्टार ने रणनीति में बदलाव करते हुए आक्रामक खेल दिखाया और लगातार गोल दागते हुए मैच पर पकड़ बना ली। अंततः टीम ने मुकाबला 44-38 से जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
रोहिताश बने जीत के हीरो

मथुरा की जीत में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहिताश ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 14 गोल दागकर टीम को जीत दिलाई और मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर बने। पूरे टूर्नामेंट में 49 गोल करने के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द लीग’ चुना गया और इनाम में टीवीएस एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल दी गई।
उनका साथ रवि (11 गोल), निहाल (8 गोल), याहिया (6 गोल), शिवा (3 गोल) और सूर्या (2 गोल) ने बखूबी निभाया।
गोरखपुर राउडीज़ का संघर्ष
गोरखपुर राउडीज़ की ओर से मोहम्मद शूजा और कृष्ण ने 10-10 गोल किए, जबकि दीपक (5), सुनील और पवन (4-4) तथा हैप्पी (3 गोल) ने योगदान दिया, लेकिन निर्णायक मौकों पर चूक टीम पर भारी पड़ी।
पुरस्कार वितरण समारोह
समापन समारोह में मुख्य अतिथि मोहसिन रजा ने विजेता टीम को ट्रॉफी और दो लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया, जबकि उपविजेता टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सीमा द्विवेदी भी मौजूद रहीं।
समारोह की अध्यक्षता लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने की, जबकि लीग के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन और एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
