लखनऊ, 14 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चौथी मंजिल से गिरकर एक महिला मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया।
मृतका की पहचान बंथरा के किशुनपुर कौड़िया निवासी 32 वर्षीय सीता दीक्षित के रूप में हुई है। वह प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती थीं, जहां उनका इलाज चल रहा था। उनके पति अभय दीक्षित रोडवेज में संविदा बस चालक हैं।
घटना की पूरी कहानी
परिजनों के मुताबिक, सीता दीक्षित का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं था और उनका इलाज लंबे समय से चल रहा था। रविवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें चौथी मंजिल के जनरल वार्ड में रखा गया था, जहां उनके पति भी रात में साथ रुके थे।
बताया गया कि तड़के करीब 3 बजे अभय को झपकी लग गई। इसी दौरान सीता वार्ड से बाहर निकल गईं। सुबह करीब 6 बजे वह वार्ड के सामने नीचे जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल आईसीयू में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज पर उठे सवाल
अस्पताल प्रशासन का दावा है कि महिला ने खुदकुशी की है, जबकि परिजन इस पर सवाल उठा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में महिला को तड़के 4 बजे वार्ड से बाहर जाते हुए देखा गया, साथ ही उनकी चप्पलें नीचे गिरती दिखाई दीं, लेकिन गिरने का स्पष्ट दृश्य सामने नहीं आया।
परिजनों का आरोप है कि अगर महिला चौथी मंजिल से गिरी होती, तो घटनास्थल पर खून के निशान होने चाहिए थे, जो नहीं मिले। उन्होंने अस्पताल कर्मचारियों की भूमिका पर भी संदेह जताया है।
परिजनों का हंगामा, पुलिस जांच शुरू
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने अस्पताल में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने बताया कि परिजनों से तहरीर ले ली गई है और उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं रजनीश वर्मा ने कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद के अनुसार, महिला की मौत अस्पताल की ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिवार ने की हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग
मृतका के भाई धीरज तिवारी ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए चेयरमैन और प्रबंधन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी बहन की हालत में सुधार हो रहा था और घटना से एक रात पहले उनसे बातचीत भी हुई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
