सोनम कपूर और आनंद आहूजा के घर 29 मार्च को दूसरे बेटे का जन्म, परिवार में खुशियों का माहौल

मुंबई, 30 मार्च 2026। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर इन दिनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं। उनकी खुशी का कारण है कि वह दूसरी बार नाना बन गए हैं। हाल ही में उनकी बेटी और अभिनेत्री सोनम कपूर ने अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया है। इस खुशी के मौके पर अभिनेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और बेटी-दामाद को बधाई दी।

जानकारी के अनुसार, सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा के घर 29 मार्च 2026 को दूसरे बेटे का जन्म हुआ। इस खुशखबरी को दंपति ने सोशल मीडिया पर संयुक्त पोस्ट के माध्यम से साझा किया था।

बेटी-दामाद के बाद अब अनिल कपूर ने भी इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा,
“और बस यूं ही… मेरा दिल और भी बड़ा हो गया है। इस दुनिया में तुम्हारा स्वागत है, मेरे नन्हे-मुन्ने। तुम्हें अभी से ही बहुत-बहुत प्यार मिल रहा है।”

उन्होंने अपने बड़े नाती वायु के लिए भी खास संदेश लिखा। उन्होंने कहा,
“वायु, अब तुम बड़े भाई बन गए हो और मुझे पूरा विश्वास है कि तुम एक बेहतरीन भाई बनोगे। धन्यवाद सोनम और आनंद… नाना का दिल खुशी से भर गया है।”

गौरतलब है कि सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने वर्ष 2018 में शादी की थी। दंपति ने अपने पहले बेटे वायु का स्वागत वर्ष 2022 में किया था। नवंबर 2025 में सोनम ने अपनी दूसरी गर्भावस्था की घोषणा की थी और फरवरी 2026 में उनका बेबी शॉवर समारोह आयोजित किया गया था।

दूसरे बेटे के आगमन के साथ कपूर परिवार में खुशियों का माहौल है, वहीं प्रशंसक भी इस सुखद समाचार से काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *