लखनऊ, 24 मार्च 2026, RNN। एलडीए कॉलोनी, पराग चौराहा स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित देवतुल्य जनता ने अपनी समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा तथा सरोजनीनगर के समग्र, समावेशी एवं सतत विकास हेतु महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। यह जनसंवाद कार्यक्रम जन-समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की मजबूत कड़ी के रूप में स्थापित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिंह ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा सभी शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनके जनप्रतिनिधित्व का मूल उद्देश्य है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ सरोजनीनगर के विकास को नई गति दी जा रही है। उन्होंने उल्लेख किया कि किसी भी क्षेत्र का वास्तविक और स्थायी विकास तभी संभव है, जब उसमें जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास की भावना सशक्त हो। सरोजनीनगर की जनता का विश्वास और सहयोग ही उन्हें निरंतर सेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. सिंह ने पुनः अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरोजनीनगर के समग्र विकास, सुशासन, पारदर्शिता और प्रत्येक नागरिक के कल्याण हेतु वे पूर्णतः समर्पित हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता की सक्रिय सहभागिता से सरोजनीनगर विधानसभा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
