कांग्रेस और राहुल गांधी भाजपा की ‘बी-टीम’ हैं: पिनराई विजयन

तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कांग्रेस और उसके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘बी-टीम’ के रूप में काम कर रही है।

एक साक्षात्कार के दौरान राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयन ने कहा कि कुछ लोग अपने अनुभवों से सीख नहीं लेते और चीजों को समझने में असमर्थ रहते हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी इसी श्रेणी में आते हैं।”

राहुल गांधी ने हाल में कहा था कि देश में केंद्रीय एजेंसियों ने केरल के मुख्यमंत्री को छोड़कर अन्य विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया है या पूछताछ के लिए बुलाया है। इस पर विजयन ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन अदालत ने उन आरोपों को खारिज कर उन्हें क्लीन चिट दे दी।

वाम नेता ने कहा कि यह राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के लिए एक करारा झटका था, लेकिन इसके बावजूद वे वही गलती दोहरा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्तर की राजनीति का विश्लेषण करने पर यह स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस, भाजपा की वास्तविक ‘बी-टीम’ बन गई है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा के बीच अतीत में कई बार तालमेल देखा गया है और दोनों दल एक ही तरीके से सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ऐसा गुट बन गए हैं, जो भाजपा के साथ गठबंधन करने में भी संकोच नहीं करते।

विजयन ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और बहुसंख्यक व अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता में लिप्त समूहों का समर्थन हासिल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ किसी भी प्रकार की सांप्रदायिकता के खिलाफ है और सांप्रदायिक गतिविधियों में संलग्न किसी भी समूह का समर्थन नहीं करता।

मुख्यमंत्री ने कहा, “सांप्रदायिकता को दूर रखना जरूरी है। जो लोग वोटों को प्राथमिकता देते हैं, वे ऐसा नहीं कर सकते और यही हाल अब यूडीएफ का है। यूडीएफ सांप्रदायिकता से समझौता करने की तैयारी कर रहा है, जो राष्ट्र के लिए खतरा है।”

उन्होंने शबरिमला स्वर्ण गबन मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी जांच की निगरानी केरल उच्च न्यायालय कर रहा है और जांच में कोई खामी नहीं पाई गई है। सरकार का रुख स्पष्ट है कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

विजयन ने विपक्ष पर जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर के प्रचारक जोसेफ गोएबल्स की तरह दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वायनाड पुनर्वास सहित कई मुद्दों पर केंद्र का रुख केरल के प्रति शत्रुतापूर्ण रहा है।

मुख्यमंत्री ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर के उस बयान को भी खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार ने राज्य की काफी मदद की है, और इसे उन्होंने “बकवास” करार दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *