कोलकाता, 9 मार्च । पश्चिम बंगाल सरकार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सिलीगुड़ी दौरे के दौरान कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में सोमवार को केंद्र सरकार को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी। अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट में पूरे घटनाक्रम की जानकारी और उससे जुड़े सहायक दस्तावेज भी शामिल किए गए हैं।
राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती ने यह रिपोर्ट केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को भेजी है। इसमें राष्ट्रपति के दौरे के दौरान प्रशासनिक स्तर पर लिए गए सभी निर्णयों और घटनाओं का क्रमवार विवरण दिया गया है।
पश्चिम बंगाल सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट में पूरे घटनाक्रम का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है और प्रत्येक चरण में प्रशासन द्वारा लिए गए फैसलों को रिकॉर्ड में रखा गया है। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कार्यक्रम में क्यों उपस्थित नहीं हो सकीं।
इसके अलावा राज्य सरकार ने राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के दौरान आयोजित अंतरराष्ट्रीय आदिवासी और संथाल सम्मेलन के स्थल में बदलाव के फैसले के कारणों के बारे में भी केंद्र सरकार को जानकारी दी है।
दरअसल, गृह मंत्रालय (भारत) ने सात मार्च को राष्ट्रपति के राज्य दौरे के दौरान प्रोटोकॉल के कथित उल्लंघन के आरोपों के बाद पश्चिम बंगाल सरकार से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा था। सूत्रों के अनुसार, राज्य के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में राष्ट्रपति के आगमन के समय मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक की अनुपस्थिति पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी और इसे ‘ब्लू बुक’ नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया गया था।
‘ब्लू बुक’ में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए होते हैं।
