डॉ. राजेश्वर सिंह के ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ अभियान की 158वीं कड़ी, जनसुनवाई से स्वास्थ्य व युवा प्रोत्साहन तक पहल

लखनऊ, 1 मार्च: लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ अभियान के तहत 158वां जनसुनवाई शिविर ग्राम आदमपुर इंद्रवारा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में हुआ, जहां नागरिकों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।

शिविर में टीम ने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें, सुझाव और आवश्यकताएं दर्ज कीं। कुल 21 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजे गए।

स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से टेंडर पाम सुपर स्पेशल्टी हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया गया। इस दौरान 43 वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाएं व चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

शिक्षा प्रोत्साहन के तहत ‘गांव की शान’ कार्यक्रम में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों—शुभांशी सिंह, अमृता शुक्ला, गौरव सिंह और अल्का—को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स किट वितरित की गईं और 108वां गर्ल्स यूथ क्लब तथा 172वां बॉयज यूथ क्लब गठित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ‘तारा शक्ति निशुल्क रसोई’ के माध्यम से ग्रामीणों को भोजन भी वितरित किया गया। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और चिकित्सकों की उपस्थिति में आयोजित यह शिविर स्थानीय स्तर पर सेवा, संवाद और समाधान का मंच बना।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा की निरंतर प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे नागरिकों के द्वार तक पहुंचाना है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *