सुरेश कुमार खन्ना ने स्टेडियम मार्ग पर लाइट स्थापना कार्य का किया शुभारंभ, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित

शाहजहांपुर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जिला पंचायत स्वामित्व वाले शहीद-ए-आज़म जदुनाथ सिंह स्टेडियम के हथौड़ा संपर्क मार्ग पर ओरनामेंटल पोल एवं आधुनिक लाइट स्थापना कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, वीरेंद्र पाल सिंह यादव तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री ने कहा कि मार्ग पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था स्थापित होने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और आमजन को रात्रिकालीन आवागमन में अधिक सुविधा एवं सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्रीय आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि सरकार जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इसी क्रम में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से दिव्यांगजनों को कृत्रिम सहायक उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा और विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

वितरण कार्यक्रम में 7 लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 8 ट्राइसाइकिल, 2 स्मार्ट केन, 4 व्हीलचेयर, 3 एमआर किट और 1 स्टिक सहित कुल 25 सहायक उपकरण वितरित किए गए।

मंत्री ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने सहायक उपकरण प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *