नगर पंचायत कांट में डीएम का औचक निरीक्षण, लंबित कार्य 31 मार्च तक पूरे करने के निर्देश

शाहजहांपुर। जनपद में विकास योजनाओं की जमीनी प्रगति परखने के लिए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने नगर पंचायत कांट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय का भ्रमण कर अभिलेखों और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने जन्म–मृत्यु पंजीकरण से संबंधित रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों के लिए अलग दैनिक रजिस्टर तैयार किया जाए, ताकि रिकॉर्ड व्यवस्थित और पारदर्शी रहें।

अधिशासी अधिकारी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में कान्हा गौशाला निर्माण, मां शीतला देवी मंदिर परिसर में विश्रामालय, मदनापुर रोड पर निर्माणाधीन दुकानें, आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी नाला निर्माण तथा स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम 2.0) के तहत शौचालय निर्माण की प्रगति की जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, जीआईएस सर्वे के बाद बढ़ी कर वसूली, सेफ सिटी परियोजना के सीसीटीवी कैमरे, वेस्ट टू वंडर पार्क, पोल पंजीयन और तालाब सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने नगर पंचायत द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि सभी शेष विकास कार्य 31 मार्च तक हर हाल में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *