शाहजहाँपुर जनपद के अल्हागंज में पैंटून पुल निर्माण को मिली मंजूरी, शासनादेश जारी

शाहजहाँपुर, संवाददाता। शाहजहाँपुर जनपद के अल्हागंज क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रामगंगा नदी के वजीरपुर घाट पर पैंटून पुल निर्माण को शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।

पैंटून पुल निर्माण की यह पहल समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामवीर सिंह सोमवंशी के प्रयासों से संभव हो सकी। उन्होंने हाल ही में लखनऊ में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता रवींद्र सिंह से मुलाकात कर अल्हागंज क्षेत्र की आवागमन संबंधी समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने बताया था कि पुल के अभाव में किसानों, छात्रों और आम नागरिकों को रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

रामवीर सिंह सोमवंशी की पहल पर प्रमुख अभियंता ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके बाद शासन द्वारा 17 नवंबर 2025 को परियोजना को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

परियोजना का विवरण
पैंटून पुल निर्माण की कुल लागत 98.75 लाख रुपये निर्धारित की गई है। वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए 49.38 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह परियोजना शासनादेश संख्या 341/2025/1/114517/2025/23.6099/201/2025 के तहत मंजूर की गई है।

समाजवादी पार्टी शाहजहाँपुर के जिला सचिव प्रभाशंकर गुप्ता ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि पैंटून पुल बनने से अल्हागंज और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने की मांग की।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
पैंटून पुल के निर्माण से अल्हागंज और जलालाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी मिलेगी, छात्रों और मरीजों को आवागमन में राहत मिलेगी तथा बाढ़ के समय होने वाली दिक्कतों से भी निजात मिल सकेगी। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय को क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम बताया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *