नयी दिल्ली, 27 जनवरी । वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को पारंपरिक हलवा समारोह में भाग लिया, जो एक फरवरी को लोकसभा में पेश किए जाने वाले आम बजट 2026-27 की तैयारियों के अंतिम चरण की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
यह समारोह रायसीना हिल्स स्थित ऐतिहासिक नॉर्थ ब्लॉक में आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में वित्त मंत्रालय के अधिकांश कार्यालय आधुनिक केंद्रीय सचिवालय के कर्तव्य भवन-1 में स्थानांतरित हो गए हैं, लेकिन वहां बजट छापाखाने की सुविधा नहीं होने के कारण यह परंपरा अब भी नॉर्थ ब्लॉक में निभाई जाती है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, हलवा समारोह बजट निर्माण प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के औपचारिक ‘सीक्लूज़न’ (अलगाव) से ठीक पहले आयोजित किया जाता है। इस प्रक्रिया के तहत बजट से जुड़े अधिकारी संसद में बजट पेश किए जाने तक पूरी तरह बाहरी संपर्क से कट जाते हैं।
परंपरा के अनुसार, नॉर्थ ब्लॉक के भूतल में आयोजित इस समारोह में वित्त मंत्री के साथ वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सभी विभागों के सचिव और बजट तैयारी से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान वित्त मंत्री ने बजट प्रेस का भी दौरा किया, तैयारियों की समीक्षा की और पूरी बजट टीम को शुभकामनाएं दीं।
पिछले पांच पूर्ण केंद्रीय बजट और एक अंतरिम बजट की तरह, आम बजट 2026-27 भी पूरी तरह कागज रहित (डिजिटल) होगा। वार्षिक वित्तीय विवरण, अनुदान मांगें, वित्त विधेयक सहित बजट से जुड़े सभी दस्तावेज ‘केंद्रीय बजट मोबाइल ऐप’ पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
परंपरा के अनुसार, बजट से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी संसद में बजट पेश किए जाने तक नॉर्थ ब्लॉक के बेसमेंट में ही रहते हैं और वित्त मंत्री का बजट भाषण पूरा होने के बाद ही बाहर आते हैं।
