उप्र में पीड़ितों की आवाज दबाई जा रही है: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय

मुजफ्फरनगर, 15 जनवरी : कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रदेश में पीड़ितों की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने यह टिप्पणी उस समय की, जब पुलिस ने उन्हें अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय के एक युवक के परिवार से मुलाकात करने से रोक दिया।

अजय राय मुजफ्फरनगर में रोहित कश्यप उर्फ सोनू (28) के परिवार से संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे। रोहित का जला हुआ शव पांच जनवरी को पड़ोसी मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र में मिला था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुजफ्फरनगर में मृतक रोहित कश्यप उर्फ सोनू के पीड़ित परिजनों से मिलने जाते समय खतौली थाना क्षेत्र की भंगेला चौकी पर पुलिस द्वारा मुझे रोककर गिरफ्तार किया गया।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में पीड़ितों की आवाज दबाई जा रही है, लेकिन कांग्रेस अन्याय के सामने नहीं झुकेगी। राय ने एक वीडियो क्लिप भी साझा की, जिसमें कथित तौर पर उनके और एक पुलिस अधिकारी के बीच आवाजाही को लेकर हुई बहस दिखाई देती है।

वीडियो में राय यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि वह अकेले ही पीड़ित परिवार से मिलने को तैयार हैं और अपनी कार व पार्टी समर्थकों को छोड़कर पुलिस वाहन से जाने को भी सहमत हैं। वहीं, पुलिस अधिकारी ने आशंका जताई कि उनके दौरे से समर्थकों की बड़ी भीड़ एकत्र हो सकती है।

इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी रोहित कश्यप की हत्या पर नाराजगी जताई थी। आज़ाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता संजीव बालियान तथा सपा सांसद हरेंद्र मलिक सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की थी।

संजीव बालियान ने कहा कि रोहित के परिवार ने स्थानीय पुलिस पर अविश्वास जताते हुए किसी अन्य एजेंसी से स्वतंत्र जांच की मांग की है। हत्या के विरोध में राजनीतिक कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शनों के बाद मामले की जांच सरधना पुलिस से अपराध शाखा को सौंप दी गई है।

मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें जांच स्थानांतरण की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रोहित की मां मदनवती की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी एक नाबालिग है, जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना पांच जनवरी को अखेपुर–राधना रोड पर हुई, जब तेज संगीत को लेकर हुए विवाद के बाद 16 वर्षीय टेम्पो चालक ने कथित तौर पर रोहित पर ईंट से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *