उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन

उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन

बरेली (उप्र), 2 जनवरी । बरेली जिले के फरीदपुर (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 60 वर्ष के थे। पार्टी एवं पारिवारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की।

डॉ. श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल थे। इसी दौरान दोपहर करीब सवा दो बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहयोगियों द्वारा उन्हें तत्काल मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी रही और लगभग तीन बजे उनका निधन हो गया।

मेडिसिटी अस्पताल के डॉक्टर विमल भारद्वाज ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय विधायक की नाड़ी और रक्तचाप नहीं चल रहा था। चिकित्सकों ने सीपीआर सहित लगभग एक घंटे तक इलाज किया तथा उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“जनपद बरेली के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उनके प्रति मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने पहली बार वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव जीता था। उनका जन्म 1 जनवरी 1966 को हुआ था और उन्होंने एम.जेपी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में पीएचडी की थी। वह रोहिलखंड विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर भी रह चुके थे।

उनके परिवार में पत्नी मंजू लता, एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *