प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया पहुंचे, संसद के संयुक्त सत्र को करेंगे संबोधित

अदीस अबाबा, 16 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों की चार दिवसीय विदेश यात्रा के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचे। इस दौरान वह इथियोपिया के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर व्यापक चर्चा करेंगे तथा देश की संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे।

अदीस अबाबा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने स्वयं प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। विशेष सम्मान के तौर पर प्रधानमंत्री अली, मोदी को अपनी गाड़ी में बैठाकर होटल तक ले गए। रास्ते में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को विज्ञान संग्रहालय और मैत्री पार्क का भ्रमण भी कराया, जो आधिकारिक यात्रा कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। इस दौरान प्रधानमंत्री अली ने इथियोपियाई कॉफी की विभिन्न किस्मों और उनकी विशेषताओं की जानकारी भी साझा की।

सूत्रों के अनुसार, नोबेल शांति पुरस्कार विजेता डॉ. अबी अहमद अली का यह विशिष्ट और आत्मीय व्यवहार प्रधानमंत्री मोदी के प्रति उनके विशेष सम्मान और भारत-इथियोपिया के मजबूत संबंधों को दर्शाता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर पहुंचे हैं और उनका रंगारंग तथा भव्य स्वागत किया गया।

जायसवाल ने कहा कि भारत और इथियोपिया के बीच सदियों पुराने संबंध हैं और इथियोपिया ‘ग्लोबल साउथ’ में भारत का एक प्रमुख भागीदार है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दोनों देश ब्रिक्स समूह के साथी सदस्य हैं, जिससे आपसी सहयोग को और मजबूती मिली है।

प्रधानमंत्री मोदी अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ भारत-इथियोपिया द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर विस्तार से बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा ‘ग्लोबल साउथ’ में साझेदार के रूप में दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती और सहयोग को और आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगी।

इथियोपिया प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी देश की संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वह “लोकतंत्र की जननी” के रूप में भारत की यात्रा, उसके लोकतांत्रिक मूल्यों और ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए भारत-इथियोपिया साझेदारी के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे। ‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का प्रयोग आमतौर पर एशिया, अफ्रीका और लातिन अमेरिका के विकासशील और कम विकसित देशों के लिए किया जाता है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। उल्लेखनीय है कि अदीस अबाबा अफ्रीकी संघ का मुख्यालय भी है। भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान वर्ष 2023 में अफ्रीकी संघ को जी-20 का स्थायी सदस्य बनाया गया था, जिसे भारत की बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि माना जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को जॉर्डन से इथियोपिया पहुंचे हैं। अपनी तीन देशों की यात्रा के तीसरे चरण में वह इथियोपिया से ओमान के लिए रवाना होंगे।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *