‘परेशान कतई न हों, हर समस्या का निष्पक्ष समाधान होगा’, जनता दर्शन में बोले मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने जमीन कब्जा, अपराध और इलाज के लिए आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए तथा बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया।

लखनऊ, 28 जुलाई 2026 (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “परेशान कतई न हों, सरकार हर उचित समस्या का निष्पक्ष समाधान कराएगी।”

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लेकर शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के मामलों में उन्होंने अस्पतालों से उपचार का एस्टिमेट शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि एस्टिमेट प्राप्त होते ही सरकार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।

जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, संगीत, कला, नाट्य और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी भागीदारी करें, ताकि उनकी प्रतिभा का सर्वांगीण विकास हो सके।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *