भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय यूपी दौरे पर, संगठनात्मक बैठकों से चुनावी रणनीति को देंगे धार

लखनऊ, 03 जुलाई 2026 (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 जुलाई से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के मद्देनजर उनका यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रवास के दौरान वह पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से संवाद करेंगे। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए कई अहम बैठकें करेंगे।

प्रदेश भाजपा की नई टीम के गठन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह पहला उत्तर प्रदेश दौरा है। इस दौरान वह शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे और संगठन विस्तार की रणनीति पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

नितिन नवीन शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। इसके बाद उनका काफिला रोड शो के रूप में आलमबाग, टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचेगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

भाजपा मुख्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। शाम चार बजे वह लखनऊ के प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरांत प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी।

देर शाम वह पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। रात्रि भोज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ निर्धारित है।

दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे। इसके बाद सुबह 9:30 बजे एनडीए नेताओं की संयुक्त बैठक और 10:30 बजे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से अलग-अलग मुलाकात करेंगे।

दोपहर 2:45 बजे नितिन नवीन राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम पांच बजे वह लखनऊ के पीर नगर स्थित भाजपा बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर पहुंचकर बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *