हर गन्ना किसान तक पहुंचेगा सामाजिक सुरक्षा का कवच, 6 जुलाई से विशेष महाअभियान

लखनऊ, 5 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए 6 से 11 जुलाई तक प्रदेशव्यापी विशेष जागरूकता एवं नामांकन महाअभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक गन्ना किसान परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि किसानों को दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु और वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

सरकार के अनुसार, यह अभियान किसानों की आर्थिक सुरक्षा, वित्तीय समावेशन और सामाजिक स्थिरता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। सहकारी गन्ना विकास समितियों को इस अभियान की मुख्य कड़ी बनाया गया है, क्योंकि इनका किसानों से वर्षों पुराना सीधा जुड़ाव है।

सहकारी गन्ना विकास समितियों में चलेंगे नामांकन शिविर, बीमा और पेंशन योजनाओं से जुड़ेंगे लाखों किसान

महाअभियान के दौरान प्रत्येक सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में बैंकों, इफ्को, चीनी मिलों और अन्य सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से विशेष सहायता एवं नामांकन काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां पात्र किसानों का पंजीकरण कराया जाएगा।

अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण महिला किसानों को बीमा और पेंशन योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें वित्तीय निर्णयों में अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।

गन्ना पर्यवेक्षक, समिति सचिव और विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करेंगे तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अलावा गन्ना विकास विभाग, इफ्को और चीनी मिलों द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की भी जानकारी देंगे। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का प्रत्येक पात्र गन्ना किसान सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आए और जरूरत के समय उसे आर्थिक संबल प्राप्त हो।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *