सड़क पार कर रहे 12 वर्षीय बालक को डंपर ने रौंदा, मौत; चालक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

लखनऊ, 02 जून (यूएनएस)। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

यह हादसा बंथरा-उम्मेदखेड़ा रोड पर बंथरा बाजार के निकट सुबह करीब सात बजे हुआ। मृतक की पहचान बंथरा बाजार निवासी मंदौस थारू के 12 वर्षीय पुत्र मानस के रूप में हुई है। बताया गया कि मानस सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और डंपर की गति बढ़ा दी, जिससे बालक वाहन के नीचे फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया।

घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने तत्काल डंपर का पीछा कर उसे घेर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मानस को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल डंपर को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने चालक महेंद्र रावत, निवासी मीरानपुर पिनवट, सरोजनीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक के पिता मंदौस थारू बंथरा बाजार में पल्लेदारी का कार्य करते हैं। परिवार में माता रन्नो, तीन बहनें मनु, मानसी और सरिता हैं। चार भाई-बहनों में मानस दूसरे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

बंथरा पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *