लखनऊ, 04 जुलाई 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर परोक्ष रूप से तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावे का सच एक दिन सामने आकर रहेगा और जो भी दोषी होंगे, वे अपने कर्मों की सजा से नहीं बच पाएंगे।
शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा कि, “आखिरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा, क्योंकि अब बुराई का पानी सुरंग में गले तक भर गया है।” उन्होंने सवाल उठाया कि 140 करोड़ देशवासी और दुनिया भर के चंदा-दान देने वाले सनातनी यह जानना चाहते हैं कि इस गंभीर मामले में हर मुद्दे पर आगे रहने वाले लोग स्वयं सामने क्यों नहीं आए और किसी दूसरे को आगे क्यों कर दिया।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि क्या यह भी एक ऐसी रणनीति है, जिसके तहत महापाप के दोष और जनाक्रोश से बचने के लिए किसी और से सफाई दिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले षड्यंत्र करते रहे, अब वे आपस में ही एक-दूसरे की मुखबिरी कर रहे हैं और बंटवारे की लड़ाई कई राज खोल देगी।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि “जो शातिर सेंध लगाकर, बोरी भरकर सुरंग के रास्ते बहुत दूर निकल गए हैं, वे याद रखें कि जहां भूमिगत मार्ग समाप्त होगा, वहां सत्य उनके पापों की सजा देने के लिए प्रतीक्षा कर रहा है।” उन्होंने कहा कि “ना अयोध्या उन्हें क्षमा करेगी, ना देश और ना ही वह प्रभु, जिसके खजाने को बेरहमी, बेदर्दी और बेशर्मी से लूटा गया है।”
यह बयान ऐसे समय आया है जब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े कुछ मामलों को लेकर सार्वजनिक और राजनीतिक स्तर पर चर्चा जारी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक भाजपा या संबंधित पक्ष की ओर से अखिलेश यादव के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
