स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: केशव मौर्य

स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: केशव मौर्य

 लखनऊ, 04 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि (स्मृति दिवस) पर उन्हें श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, आध्यात्मिक चेतना, मानव कल्याण तथा युवाओं में आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण की प्रेरणा देने के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी करोड़ों युवाओं के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सार्वभौमिक मानवता के संदेश को विश्वभर में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा था कि राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा आधार जागरूक, शिक्षित, संस्कारित और आत्मविश्वासी युवा है। आज आवश्यकता है कि युवा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार देश के महापुरुषों, संतों, समाज सुधारकों और राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान का सम्मान कर रही है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इन महापुरुषों के आदर्शों और विचारों से प्रेरणा मिले, इसके लिए उनके योगदान का उचित सम्मान और स्मरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए देश और देशवासी सर्वोपरि हैं तथा सरकार का प्रत्येक निर्णय राष्ट्रहित, जनकल्याण, गरीबों के उत्थान और विकसित भारत के संकल्प से प्रेरित है। डबल इंजन सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वामी विवेकानंद के राष्ट्रभक्ति, सेवा, समरसता, आत्मानुशासन और मानवता के आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही स्वामी विवेकानंद के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *