टीएमसी जैसा होगा सपा का हश्र, 2027 में जनता देगी जवाब: केशव प्रसाद मौर्य

कानपुर, 17 जून। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी को कोई भी विपक्षी दल नुकसान नहीं पहुंचा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्तमान में भी मजबूत है और भविष्य में भी देश और प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए रखेगी।

कानपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस जिस तरह आंतरिक संकट का सामना कर रही है, उसी तरह का हाल समाजवादी पार्टी का भी होने वाला है। उन्होंने कहा कि सपा लगातार हिंदू समाज के खिलाफ बयानबाजी करती है और प्रदेश की जनता इसका जवाब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी।

राम मंदिर में कथित अनियमितताओं से जुड़े सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा, “दोषियों पर हनुमान जी की गदा चलेगी।”

केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है। उन्होंने दावा किया कि जितना विकास पिछले 12 वर्षों में हुआ है, उतना कांग्रेस अपने लंबे शासनकाल में भी नहीं कर सकी।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का संकल्प प्रधानमंत्री मोदी ने लिया है और केंद्र सरकार इसे पूरा करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि महिलाओं का अधिकार है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि कानपुर में हुए विकास कार्य केवल एक झांकी हैं, अभी विकास की पूरी तस्वीर सामने आना बाकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में विकास और सुशासन के आधार पर भाजपा आने वाले चुनावों में भी जनता का समर्थन प्राप्त करेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *