नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ‘मैं एक्टर नहीं हूं’ बनी सरप्राइज हिट, 1.5 करोड़ के बजट पर कमाए 4.15 करोड़

मुंबई, 22 मई 2026 (यूएनएस)। नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म मैं एक्टर नहीं हूं इस साल की सबसे बड़ी सरप्राइज इंडी हिट फिल्मों में शामिल हो गई है। महज 1.5 करोड़ रुपये के छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के सिर्फ 14 दिनों के भीतर 4.15 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर इंडस्ट्री को चौंका दिया है। फिल्म की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दमदार कहानी और बेहतरीन अभिनय के दम पर छोटी फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी पहचान बना सकती हैं।

बिना किसी बड़े कमर्शियल सपोर्ट, स्टारकास्ट की भीड़ या फ्रेंचाइजी बैकअप के रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। खासकर सोशल मीडिया और वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी ने फिल्म की लोकप्रियता बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई। मुंबई, दिल्ली और कुछ अन्य महानगरों में फिल्म अब भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है और थिएटरों में इसकी पकड़ लगातार बनी हुई है।

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत नवाजुद्दीन सिद्दीकी की दमदार एक्टिंग मानी जा रही है। दर्शकों और समीक्षकों ने उनके अभिनय की जमकर तारीफ की है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे नवाजुद्दीन के हाल के वर्षों का सबसे वास्तविक और प्रभावशाली किरदार बताया है। हर किरदार में पूरी तरह ढल जाने की उनकी शैली ने एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया है।

फिल्म का निर्देशन आदित्य कृपालानी ने किया है। कंटेंट आधारित इस फिल्म ने न सिर्फ अपना बजट आसानी से निकाल लिया, बल्कि इंडी सिनेमा के लिए एक मजबूत उदाहरण भी पेश किया है। ऐसे समय में जब बड़े बजट और भारी-भरकम फिल्मों का दौर चल रहा है, मैं एक्टर नहीं हूं की सफलता यह दिखाती है कि अच्छी कहानी और संवेदनशील प्रस्तुति आज भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की ताकत रखती है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *