लखनऊ/बंथरा, 21 मई 2026 । बंथरा इलाके में बुधवार शाम जानवर चराने गए एक अधेड़ का शव देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में सई नदी में उतराता मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बंथरा के हरौनी गांव निवासी सुनील कुमार रावत (49) खेती-किसानी का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक बुधवार शाम करीब छह बजे वह जानवर चराने के लिए घर से निकले थे। देर शाम जानवर तो वापस घर लौट आए, लेकिन सुनील घर नहीं पहुंचे।
काफी देर इंतजार के बाद परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ बता रहा था। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शुरू की तलाश, पुलिस जांच में जुटी
खोजबीन के दौरान रात करीब 11 बजे सुनील का शव घर से लगभग एक किलोमीटर दूर झाड़ेश्वर मंदिर के पास सई नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिवार में पत्नी अनीता देवी के अलावा दो बेटे सनी रावत और समर रावत हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अधेड़ नदी में कैसे डूबा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
