बालक क्वाड्रुपल स्कल में यूपी फाइनल में, 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में दिखाया दम

गोरखपुर, 20 मई 2026 (यूएनएस)। 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में मेजबान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक क्वाड्रुपल स्कल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। रामगढ़ताल में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में यूपी की टीम ने 06:30.8 का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। गुरुवार को फाइनल रेसें आयोजित होंगी, जबकि समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन द्वारा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को 17 रेपेचेज और 16 सेमीफाइनल सहित कुल 33 रेस आयोजित की गईं।

बालक क्वाड्रुपल स्कल के सेमीफाइनल में यूपी के दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव और प्रवीण कुमार की चौकड़ी ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई। इस रेस में केरल की टीम पहले स्थान पर रही, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी और ओडिशा ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

बालक सिंगल स्कल के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा के सक्षम पहले और मध्य प्रदेश के कार्तिक दूसरे स्थान पर रहे। यूपी के मोहन महेश तीसरे स्थान पर रहकर बाहर हो गए। दूसरे सेमीफाइनल में असम के फरहान अली और झारखंड के शुकलाल टूडू ने फाइनल में प्रवेश किया।

बालिका क्वाड्रुपल स्कल में केरल, पंजाब, ओडिशा और आरएफआई-हिमाचल की टीमें फाइनल में पहुंचीं। वहीं बालिका डबल स्कल वर्ग में मध्य प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र और मणिपुर ने खिताबी मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया।

बालाजी मरादप्पा ने बताया कि गुरुवार सुबह 7:30 बजे से फाइनल मुकाबले शुरू होंगे। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह शाम पांच बजे आयोजित होगा। चीफ ज्यूरी तेजस शिंदे के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में बालिका डबल स्कल और बालक क्वाड्रुपल स्कल के फाइनल मुकाबले कराए जाएंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *