ईरान से बातचीत सही दिशा में, लेकिन ‘प्लान-बी’ भी तैयार : जेडी वेंस

वॉशिंगटन, 20 मई 2026। जेडी वेंस ने अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच बड़ा बयान देते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि बातचीत विफल रहती है तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का “प्लान-बी” भी पूरी तरह तैयार है।

व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जेडी वेंस ने कहा कि ईरान के साथ चल रही वार्ता में काफी प्रगति हुई है और फिलहाल दोनों देश “अच्छी स्थिति” में हैं। उन्होंने कहा, “ताली दोनों हाथों से बजती है,” यानी शांति स्थापित करने के लिए दोनों पक्षों को ईमानदारी से प्रयास करने होंगे।

वेंस ने दावा किया कि ईरान भी समझौते को लेकर गंभीर नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने अपनी सकारात्मक मंशा दिखाने के लिए इस्लामाबाद में कई दौर की बातचीत की है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पूरे मामले में दो स्पष्ट शर्तें रखी हैं। पहली, ईरान को किसी भी स्थिति में परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दूसरी, यदि बातचीत किसी नतीजे तक नहीं पहुंचती है तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करने से पीछे नहीं हटेगा।

जेडी वेंस ने कहा कि यदि ईरान के पास परमाणु हथियार पहुंचते हैं तो इससे पूरी दुनिया की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ऐसे हथियारों का इस्तेमाल आर्थिक और राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कर सकता है।

अमेरिका ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वह युद्ध नहीं चाहता और रिश्तों में सुधार का पक्षधर है, लेकिन अमेरिकी सेना हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। वेंस ने कहा कि यदि बातचीत विफल होती है तो ईरान को उसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *