राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर किरेन रिजिजू ने उठाए सवाल, कांग्रेस से मांगा जवाब

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना को लेकर आयोजित कार्यशाला के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए

नई दिल्ली, 15 मई 2026। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पार्टी से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की कई विदेश यात्राओं को लेकर अस्पष्टता है और कांग्रेस को देश के सामने पूरी जानकारी रखनी चाहिए।

शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सांसद होने के नाते उन्हें भारत के नियमों और कानूनों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सांसद को विदेश यात्रा पर जाने से पहले राज्यसभा सचिवालय, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय को सूचना देनी होती है।

रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सांसद बनने के बाद जब भी विदेश जाते हैं, तब वे न तो संबंधित विभागों को जानकारी देते हैं और न ही यह स्पष्ट करते हैं कि वे कहां ठहरते हैं और किन लोगों से मुलाकात करते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की सुरक्षा में लगी एजेंसियां भी इस स्थिति से परेशान रहती हैं, क्योंकि वे बिना पूर्व जानकारी दिए विदेश यात्रा पर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वर्तमान में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो सरकार को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

किरेन रिजिजू ने दावा किया कि राहुल गांधी अब तक 54 विदेश यात्राएं कर चुके हैं, जिनमें से कई यात्राओं की जानकारी सार्वजनिक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इन यात्राओं पर होने वाला खर्च उनकी घोषित आय से अधिक दिखाई देता है, जिससे यह मामला आयकर विभाग से भी जुड़ सकता है।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी से आग्रह करते हुए कहा कि वे अपनी सभी विदेश यात्राओं का पूरा विवरण सार्वजनिक करें। रिजिजू ने कहा कि यदि बाद में किसी प्रकार की कार्रवाई होती है तो यह कहना उचित नहीं होगा कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी नागरिकों, विशेषकर सांसदों के लिए नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता के कर से मिलने वाली सुविधाओं और वेतन के उपयोग में पारदर्शिता होना बेहद जरूरी है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *