पर्यावरण संरक्षण में योगी सरकार के साथ काम करेगी कोका-कोला, तीन साल का एमओयू साइन

लखनऊ, 23 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए Coca-Cola India Private Limited ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ साझेदारी की है। इस क्रम में कंपनी ने Invest UP के साथ तीन वर्षों के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस साझेदारी के तहत राज्य में जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, आजीविका सृजन और सामुदायिक विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य किया जाएगा। विशेष रूप से जल उपलब्धता के लिए बुनियादी ढांचा विकसित करने, कचरा संग्रहण और रिसाइक्लिंग प्रणाली को मजबूत बनाने तथा स्थानीय समुदायों के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर फोकस रहेगा।

एमओयू हस्तांतरण के दौरान इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरण आनंद, एजीएम (को-ऑर्डिनेशन/ओएसडी/सीएसआर नोडल) आनंद कुमार पांडे, SLMG Beverages Private Limited के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विवेक लधानी, डायरेक्टर सिद्धार्थ लधानी समेत कंपनी के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

विजय किरण आनंद ने कहा कि यह साझेदारी पर्यावरण संरक्षण को बुनियादी ढांचे के विकास के साथ जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे निजी क्षेत्र की विशेषज्ञता का लाभ उठाकर दीर्घकालिक और प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकेंगे।

वहीं, कोका-कोला इंडिया एंड साउथवेस्ट एशिया की वाइस प्रेसिडेंट (पब्लिक अफेयर्स, कम्युनिकेशंस एंड सस्टेनेबिलिटी) देवयानी आरएल राणा ने कहा कि कंपनी समाज-आधारित पहलों के माध्यम से जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और आजीविका सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में सकारात्मक और व्यापक बदलाव लाया जाएगा।

इस समझौते के माध्यम से कोका-कोला इंडिया ने सीएसआर आधारित पहलों के जरिए समाज-केंद्रित विकास और पर्यावरण संरक्षण के अपने संकल्प को और मजबूती दी है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *