लखनऊ, 23 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स के उभरते बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन के बाद एक कार्यक्रम में दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि वह पूरी तरह शाकाहारी (वेजिटेरियन) हैं और अब तक उन्होंने लखनऊ के मशहूर कबाब का स्वाद नहीं लिया है।
गुरुवार को शहर के एक कार्यक्रम में, जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कबाब खाया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं वेजिटेरियन हूं, इसलिए नहीं खाया।” इस पर मंच से उन्हें बताया गया कि वेज कबाब भी उपलब्ध हैं, जिस पर मुकुल ने कहा कि वह जरूर इसे ट्राई करेंगे।
मुकुल चौधरी ने हाल ही में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में 7 छक्के जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी, जिससे वह चर्चा में आए।
कार्यक्रम के दौरान मिशेल मार्श ने भी देसी अंदाज में हिंदी बोलकर माहौल हल्का कर दिया। उन्होंने हाथ हिलाकर “कैसे हो?” कहा, जिसे सुनकर वहां मौजूद खिलाड़ी और दर्शक हंस पड़े।
इसी दौरान टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने एक बच्चे को खास तोहफा देते हुए उसे ऑटोग्राफ वाला बैट भेंट किया और कुछ क्रिकेट टिप्स भी दिए। इस भावुक पल ने कार्यक्रम का आकर्षण बढ़ा दिया।
युवा खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को हर परिस्थिति के लिए मानसिक रूप से मजबूत रहना चाहिए और अपने चरित्र का निर्माण करना जरूरी है।
मुकुल चौधरी ने टीम के माहौल को लेकर कहा कि यहां सभी खिलाड़ियों के बीच परिवार जैसा रिश्ता है, जिससे नए खिलाड़ियों को सहज महसूस होता है। उन्होंने कहा, “जब मैं पहली बार आया तो लगा कि माहौल अलग होगा, लेकिन यहां सभी ने परिवार की तरह अपनाया।”
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने फैंस के साथ बातचीत की, ऑटोग्राफ दिए और क्विज प्रतियोगिता में विजेताओं को बैट देकर सम्मानित किया। इस बीच ऋषभ पंत और मिशेल मार्श म्यूजिक की धुन पर हल्के-फुल्के डांस स्टेप्स करते भी नजर आए, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया।
फैंस ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
