7 से 21 मई तक स्वगणना अभियान, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की

लखनऊ, 22 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। लखनऊ में ‘जनगणना-2027’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में 7 मई से 21 मई तक चलने वाले स्वगणना अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान को समयबद्ध, पारदर्शी और जनसहभागिता के साथ पूरा किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने स्तर पर कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से इस प्रक्रिया में शामिल करें और हर विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त कर समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कराएं।

नगर निगम को निर्देश दिया गया कि शहर के सभी 110 वार्डों के पार्षदों का चरणबद्ध प्रशिक्षण कराया जाए। प्रशिक्षण में स्वगणना पोर्टल और मोबाइल एप के उपयोग, डेटा सुरक्षा और नागरिकों को मार्गदर्शन देने के तरीके सिखाए जाएंगे, ताकि पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

शिक्षा विभाग को भी निर्देशित किया गया कि सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को स्वगणना के महत्व से अवगत कराया जाए। इसके तहत कार्यशालाएं, गोष्ठियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जा सके।

जिलाधिकारी ने सरकारी कॉलोनियों, हाउसिंग सोसाइटी और आवासीय परिसरों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत टीमें बनाकर घर-घर संपर्क स्थापित किया जाएगा और लोगों को स्वगणना के लिए तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जनजागरूकता के लिए नगर निगम की एलईडी स्क्रीन, आईटीएमएस के पब्लिक एड्रेस सिस्टम, प्रमुख चौराहों और बाजारों में लगातार संदेश प्रसारित किए जाएंगे। साथ ही मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल में फिल्मों से पहले स्वगणना से जुड़े वीडियो दिखाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अभियान से जोड़ा जाए, ताकि उनके माध्यम से आमजन तक संदेश पहुंच सके और अधिक से अधिक लोग स्वगणना में शामिल हों।

अभियान की निगरानी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में उपजिलाधिकारियों और शहरी क्षेत्रों में अपर जिलाधिकारी व नगर निगम अधिकारियों को प्रतिदिन निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ‘जनगणना-2027’ जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि कोई भी नागरिक इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *