आम आदमी पार्टी का योगी सरकार पर हमला: “शिक्षा व्यवस्था का मजाक बना दिया”

आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह

लखनऊ, RNN। आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है और लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कक्षा 6, 7 और 8 के छात्रों के लिए एक ही प्रश्नपत्र जारी किया गया, जिसमें सिर्फ कक्षा का नंबर बदला गया है। महेंद्र सिंह ने इसे “बेहद शर्मनाक” बताते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी शिक्षा तंत्र में स्वीकार्य नहीं हो सकती।

आप नेता ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले करीब डेढ़ करोड़ छात्रों के भविष्य को खतरे में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को प्राथमिकता देने में विफल रही है।

महेंद्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले चार महीनों से शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों—जैसे मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) और बोर्ड परीक्षाओं—में लगाया गया, जिसके कारण स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हुई और छात्रों का सिलेबस पूरा नहीं हो पाया। इसके बावजूद परीक्षाएं कराना छात्रों के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र दलित और पिछड़े वर्गों से आते हैं, लेकिन सरकार उनकी शिक्षा पर ध्यान देने के बजाय “सांप्रदायिक राजनीति” में व्यस्त है।

आप ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और प्रश्नपत्र निर्माण व वितरण में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में पारदर्शी और जिम्मेदार परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

महेंद्र सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होने देगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *