यूपी में 125 डिप्टी एसपी के तबादले, प्रमोटेड अधिकारियों को मिली नई तैनाती

लखनऊ, 02 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने गुरुवार को पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 125 डिप्टी पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी कर दिए। तबादला सूची में अधिकांश वे अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें हाल ही में निरीक्षक (इंस्पेक्टर) से पदोन्नत कर डीएसपी बनाया गया था।

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल का उद्देश्य पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने के साथ पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना माना जा रहा है।

गृह विभाग ने जारी किए आदेश, इंस्पेक्टर से पदोन्नत अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी; नोएडा, मेरठ और जीआरपी गोरखपुर समेत कई अहम तैनातियां बदलीं

तबादला सूची के तहत मुख्यमंत्री सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। कमलेश कांत को मुरादाबाद से स्थानांतरित कर गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) पुलिस कमिश्नरेट में तैनात किया गया है। वहीं अशोक सिंह को जीआरपी गोरखपुर भेजा गया है, जबकि सहारनपुर में तैनात शिव ठाकुर को मेरठ में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पदोन्नति के बाद कमलेश कांत की तैनाती नोएडा जैसे संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल पुलिस कमिश्नरेट में किए जाने को अहम माना जा रहा है। नोएडा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ वीआईपी सुरक्षा, औद्योगिक इकाइयों और कॉरपोरेट क्षेत्रों की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहती है, जिसके मद्देनजर यहां अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की गई है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और सभी अधिकारियों को शीघ्र अपने नए कार्यस्थल पर योगदान देने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से प्रदेश में पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं प्रभावी होगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *