आप सबका साथ रहा तो सफाई में इंदौर को पीछे छोड़ेगा लखनऊ : सुरेश खन्ना

लखनऊ, 16 जून (यूएनएस)। लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को नैमिषारण्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के बाद यदि किसी नेता ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ देश में तीसरे स्थान पर रहा है और यदि नागरिकों का सहयोग इसी प्रकार मिलता रहा तो आने वाले समय में लखनऊ सफाई के मामले में इंदौर को भी पीछे छोड़ देगा।

पीएम मोदी की वजह से हमारी प्राथमिकताओं को दुनिया ने स्वीकार किया

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान को पूरी योजना और प्रतिबद्धता के साथ लागू किया तथा इसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज देश में स्वच्छता को लेकर व्यापक जागरूकता का माहौल बना है और इसका सकारात्मक प्रभाव लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत की कई प्राथमिकताओं को दुनिया ने स्वीकार किया है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को जाता है।

सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने छात्रों के हित में लिए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रमाणपत्रों के सत्यापन की जटिल प्रक्रिया को समाप्त कर सेल्फ-अटेस्टेशन की व्यवस्था लागू की गई, जिससे लाखों विद्यार्थियों को सुविधा मिली।

उन्होंने योग के वैश्विक प्रसार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा, जिसे 175 देशों के समर्थन से स्वीकार किया गया। आज 21 जून को पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाती है।

कृषि क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मृदा स्वास्थ्य परीक्षण (सॉइल टेस्टिंग), फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और नीम-कोटेड यूरिया जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय और उत्पादकता बढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत देश के लगभग 11 करोड़ किसानों को लाभ मिल रहा है और छोटे किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि फसल बीमा योजना के तहत करोड़ों किसानों को लाभ मिला है तथा किसानों को कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड योजना को प्रभावी बनाया गया। सरकार लगातार विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि कर किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास कर रही है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत रोजगार के अवसरों का विस्तार किया गया है। साथ ही एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम हो और भूमि की उर्वरता संरक्षित रहे।

उन्होंने निवेश और रोजगार के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में लखनऊ के लिए 3.43 लाख करोड़ रुपये से अधिक के 1,198 निवेश समझौते (एमओयू) हस्ताक्षरित हुए थे। इसके बाद जीबीसी-1 से जीबीसी-5 तक कुल 58,300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

सुरेश खन्ना ने कहा कि इनमें से 210 औद्योगिक इकाइयां 28,900 करोड़ रुपये के निवेश के साथ व्यावसायिक संचालन शुरू कर चुकी हैं, जिससे लगभग 37,500 लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में लखनऊ निवेश, रोजगार, स्वच्छता और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *