लखनऊ/गोरखपुर, 05 मई 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता की अनदेखी करने वाले राजनीतिक दलों का सफाया तय है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनावी परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की जनता ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि विकास के पैसे पर डकैती, गुंडाराज और सनातन का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जंगल बेनी माधव स्थित नवनिर्मित कल्याण मंडपम का उद्घाटन किया और 612.32 करोड़ रुपये की 71 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पश्चिम बंगाल भी ‘सोनार बांग्ला’ बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
सीएम योगी ने कहा कि अच्छी नीयत, स्पष्ट नीति और दृढ़ संकल्प के साथ ही विकास संभव है और उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद इसके परिणाम साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने गोरखपुर के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि बंद पड़ा खाद कारखाना अब फिर से संचालित हो रहा है और शहर में फोर-लेन सड़कों, ओवरब्रिज और बेहतर कनेक्टिविटी से यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि पहले गोरखपुर से लखनऊ पहुंचने में 8-9 घंटे लगते थे, जो अब घटकर साढ़े तीन घंटे रह गए हैं। वहीं वाराणसी की दूरी भी अब ढाई घंटे में पूरी हो रही है। नए बाईपास और फोर-लेन परियोजनाओं से क्षेत्रीय विकास को गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “गति जितनी तेज होगी, विकास उतना ही तेज होगा और विकास जितना तेज होगा, समाज और राष्ट्र की समृद्धि उतनी ही बढ़ेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, आयुष विश्वविद्यालय और अन्य सुविधाओं के विस्तार से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है और रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
कार्यक्रम में गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने कहा कि बिना भेदभाव सभी को विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी।
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
