राम मंदिर चढ़ावा विवाद: विनय कटियार का बड़ा दावा, बोले- जांच के बाद चंपत राय जा सकते हैं जेल

विनय कटियार के दावे से हड़कंप, बोले-पीएम मोदी के संपर्क में हूं

लखनऊ, 03 जुलाई। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल विनय कटियार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां ऐसी बन रही हैं कि चंपत राय को जेल भी जाना पड़ सकता है।

मीडिया से बातचीत में विनय कटियार ने कहा कि अभी अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी, क्योंकि जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी और कार्रवाई भी तथ्यों के आधार पर ही होगी।

कटियार ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संपर्क में हैं और उन्हें विश्वास है कि मामले में निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने दावा किया कि इस प्रकरण में चंपत राय और गोपाल राव के नाम भी सामने आए हैं, हालांकि अंतिम निर्णय जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और यदि जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होना तय है। फिलहाल पूरे मामले पर सबकी नजर विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *