यूपीटीईटी-2026: एआई निगरानी में दूसरे दिन की परीक्षा संपन्न, 11 फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार

यूपीटीईटी-2026: एआई निगरानी में दूसरे दिन की परीक्षा संपन्न, 11 फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार

लखनऊ, 03 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों पालियों की परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों के 955 परीक्षा केंद्रों पर एआई आधारित निगरानी के बीच शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान 11 फर्जी परीक्षार्थियों और एक मोबाइल फोन के साथ पकड़े गए अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले किया गया।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर तथा द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित की गई। आयोग के एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से अध्यक्ष, सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई। एआई कैमरों के जरिए परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में एआई आधारित सॉफ्टवेयर की सहायता से जांच के दौरान नौ फर्जी परीक्षार्थी दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। वहीं एक अभ्यर्थी अपने जूते में मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा कक्ष में पहुंचा था, जिसे भी पकड़ लिया गया। द्वितीय पाली में दो अन्य फर्जी परीक्षार्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के लिए उन्हें स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।

आयोग के अनुसार शुक्रवार को दोनों पालियों में कुल 8,07,709 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,51,321 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल उपस्थिति 93.01 प्रतिशत रही। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 92.70 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 93.36 प्रतिशत दर्ज की गई।

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित की जा रही है। अंतिम पाली की परीक्षा शनिवार को भी एआई निगरानी, सुरक्षा और शुचिता के उच्च मानकों के साथ कराई जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *