लखनऊ, 12 जून 2026 (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास को जनआंदोलन का रूप दिया है और उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला प्रमुख राज्य बनकर उभरा है।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर लोकभवन में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक का सफर आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव का दौर रहा है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, मुद्रा योजना, आयुष्मान भारत और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित किया है और सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंची है।
उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और बिचौलियों का बोलबाला था, लेकिन अब पारदर्शिता और जवाबदेही व्यवस्था की पहचान बन चुकी है। सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण से लोगों को सुविधाएं घर बैठे मिल रही हैं और व्यवस्था अधिक प्रभावी हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान बदली है। कानून-व्यवस्था, आधारभूत ढांचे, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश आज विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर वर्ष 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।
