मोदी के 12 साल: देश की तस्वीर और तकदीर बदली, यूपी को मिला विकास का नया आयाम : योगी

लखनऊ, 12 जून 2026 (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर कहा कि इस अवधि में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी और प्रभावी नेतृत्व से भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने समाज को वर्गों और जातियों में बांटने का काम किया, जबकि वर्तमान सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा को विकास की धुरी बनाया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप योजना, स्टैंडअप योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों को सीधे लाभ पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को भी प्रधानमंत्री के विजन का सबसे अधिक लाभ मिला है। कभी भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से जूझने वाला प्रदेश आज विकास, निवेश और सुशासन का मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि गरीबों को आवास, शौचालय, मुफ्त राशन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाया गया है।

कोरोना काल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन और करोड़ों परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसी योजनाओं ने बेटियों को सुरक्षा, सम्मान और अवसर प्रदान किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और विकसित भारत तथा विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *