‘इंडिया’ गठबंधन ने महिलाओं के सपनों को तोड़ा, 17 अप्रैल ‘काला दिवस’: अन्नपूर्णा देवी

लखनऊ, 19 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने रविवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 17 अप्रैल को ‘काला दिवस’ के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने महिलाओं के सपनों और उम्मीदों को तोड़ने का काम किया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पर विपक्षी दलों का रुख बेहद निराशाजनक रहा। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) समेत अन्य सहयोगी दलों पर आरोप लगाया कि वे नहीं चाहते कि देश की आधी आबादी को उनके अधिकार मिलें।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य घटक दलों के नेता भी मौजूद रहे।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब समय महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का था, लेकिन विपक्षी दलों ने इस दिशा में बाधा उत्पन्न की।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण विधेयक के खिलाफ मतदान कर विपक्षी दलों ने न केवल संसद में अपना रुख स्पष्ट किया, बल्कि देश की महिलाओं की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई। उन्होंने कहा कि जब सदन में मतदान के आंकड़े सामने आए, तो विपक्षी दलों के नेताओं ने जश्न मनाया, जो यह दर्शाता है कि वे महिलाओं को उनके अधिकार मिलते नहीं देखना चाहते।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे आने वाले समय में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक और तृणमूल कांग्रेस को इसका जवाब देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार अपने प्रयास जारी रखेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *