बंगाल का उत्साह बता रहा—टेरर, माफियाराज और कटमनी से मुक्ति मिलेगी: सीएम योगी

लखनऊ/कल्याणी, 27 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के कल्याणी विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को भाजपा प्रत्याशी अनुपम विश्वास के समर्थन में भव्य रोड शो किया। इस दौरान सड़कों पर भारी जनसमूह उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र ‘वंदे मातरम’, ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।

रोड शो के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। युवा और बुजुर्ग जहां अपने मोबाइल फोन में इस पल को कैद करते नजर आए, वहीं घरों की छतों से महिलाएं हाथ जोड़कर सीएम योगी का अभिवादन करती दिखीं। ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से लोकप्रिय योगी आदित्यनाथ ने भी रास्ते में उमड़ी भीड़ पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

इस अवसर पर तेजस्वी सूर्या भी मौजूद रहे। रोड शो के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के वेश में कलाकार आगे-आगे चलते दिखाई दिए, जिससे माहौल धार्मिक और उत्सवमय हो गया।

सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल की जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि राज्य अब “टेरर, माफियाराज और कटमनी की सरकार” से मुक्ति चाहता है। उन्होंने दावा किया कि 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान के रुझान भाजपा के पक्ष में हैं और 4 मई के बाद राज्य में बदलाव तय है।

उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब “खेला शेष, उन्नयन शुरू” होगा। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनने जा रही है, जो राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएगी।

सीएम ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां डबल इंजन सरकार ने माफिया और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण किया है और यही मॉडल बंगाल में भी लागू होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और “आमार सोनार बांग्ला” को “टीएमसी मुक्त बांग्ला” बनाया जाएगा।

रोड शो के दौरान पूरे क्षेत्र में भाजपा के झंडे और भगवा रंग की झलक दिखाई दी, जबकि मतदाताओं ने उत्साह के साथ भाजपा के समर्थन में नारे लगाए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *