मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर नए अंदाज में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। इस बार वह पहली बार रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर और ए.आर. मुरुगादॉस के साथ एक बड़े प्रोजेक्ट में नजर आएंगे। यह फिल्म एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाई जा रही है।
फिल्म में साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री ज्योतिका भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। सनी देओल इस फिल्म में लीड रोल निभा रहे हैं और उनकी हालिया सफलता बॉर्डर 2 के बाद इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
नए जोन में नजर आएंगे सनी देओल
सूत्रों के अनुसार, सनी देओल इस फिल्म में अब तक के अपने किरदारों से बिल्कुल अलग अवतार में दिखेंगे। लगातार मास एंटरटेनर फिल्मों के बाद यह प्रोजेक्ट उनके करियर का एक नया और रोमांचक अध्याय साबित हो सकता है।
यह फिल्म एक अलग तरह की एक्शन-थ्रिलर होगी, जिसमें सस्पेंस और हाई-ऑक्टेन ड्रामा देखने को मिलेगा।
बालाजी गणेश करेंगे निर्देशन
फिल्म का निर्देशन बालाजी गणेश कर रहे हैं, जो लंबे समय तक ए.आर. मुरुगादॉस के को-डायरेक्टर रह चुके हैं। यह फिल्म उनके निर्देशन करियर की शुरुआत होगी। उनके अनुभव और विजन को देखते हुए फिल्म से काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं।
दमदार प्रोडक्शन टीम
फिल्म को रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर और ए.आर. मुरुगादॉस प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि कासिम जगमगिया, विशाल रामचंद्रनी, आदित्य जोशी, सुनील जैन और यूसुफ शेख इस प्रोजेक्ट के को-प्रोड्यूसर हैं।
इस बड़े कोलैबोरेशन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सनी देओल का नया अवतार और दमदार टीम इस फिल्म को आने वाले समय की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल कर रहा है।
