मेयर और गाजीपुर पत्थरबाजी के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, हजरतगंज में नारेबाजी

लखनऊ, 23 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सुषमा खर्कवाल और गाजीपुर में हुई पत्थरबाजी की घटना के विरोध में किया गया।

सपा कार्यकर्ता दोपहर में हजरतगंज चौराहा पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार पीड़ितों को न्याय दिलाने में विफल रही है।

प्रदर्शन में शामिल पार्टी कार्यकर्ता राज साहनी ने कहा कि गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी की हत्या कर दी गई और जब सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने गया, तो पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पीड़ित परिवार को न्याय नहीं दिला पा रही है।

वहीं, कार्यकर्ता आनंद यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश के हर नागरिक को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनके प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवार से मिलने से रोका, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।

प्रदर्शनकारियों ने लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल द्वारा अखिलेश यादव के कथित अपमान की भी निंदा की और उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की। उनका कहना था कि पूर्व मुख्यमंत्री के पद की गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *